दिल्ली विधानसभा चुनाव: 5 और 8 फरवरी को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र 5 और 8 फरवरी को मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी, ताकि चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सुविधा मिल सके।
5 और 6 फरवरी की मध्यरात्रि तक अंतिम मेट्रो सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे देर रात लौटने वाले मतदान अधिकारियों को सहूलियत मिलेगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजधानी में मेट्रो सेवाएं 5 और 8 फरवरी को सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। वोटिंग के दिन 5 फरवरी (बुधवार) और मतगणना के दिन 8 फरवरी (शनिवार) को सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं की शुरुआत पहले की जाएगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के प्रिंसिपल एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस, अनुज दयाल ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इन दोनों दिनों में सुबह 4 बजे से मेट्रो अपने टर्मिनल स्टेशनों से परिचालन शुरू करेगी, ताकि चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुबह 6 बजे तक सभी मेट्रो लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सुबह 6 बजे के बाद पूरे दिन मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी। इसके अतिरिक्त, चुनाव ड्यूटी के बाद देर रात लौटने वाले मतदान अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, सभी लाइनों पर अंतिम मेट्रो सेवाओं को 5 फरवरी और 6 फरवरी 2025 की मध्यरात्रि तक बढ़ाया जाएगा। इस निर्णय से चुनाव प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों को काफी सहूलियत मिलेगी।