JNU में पढ़ना, हर छात्र का सपना, आखिर क्यों है JNU प्रसिद्ध?

Thu 10-Oct-2024,02:14 PM IST +05:30
JNU में पढ़ना, हर छात्र का सपना, आखिर क्यों है JNU प्रसिद्ध? Jawaharlal Nehru University
  • यूरोपीय आयोग ने भी JNU को जीन मोनेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर यूरोपियन यूनियन स्टडीज इन इंडिया (CEEUSI)से सम्मानित किया है

  • NACC ने JNU को 4 में से 3.9 ग्रेड दिया है जो कि देश के किसी भी शैक्षणिक संस्थान को दिए गए ग्रेड में से सर्वाधिक अंक है। 

Delhi / New Delhi :

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) भारत का एक प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है। यह भारत की राजधानी दिल्ली में स्थित है जो लगभग 1020 एकड़ भू-भाग में फैला हुआ है। यह भारत के सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थानों में से एक माना जाता है। JNU में छात्रों को उच्च शिक्षा प्रदान की जाती है और यह एक अनुसंधान केंद्र के रूप में भी कार्य करता है। JNU में विभिन्न विषयों जैसे कि समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, भाषाविज्ञान, इतिहास, दर्शनशास्त्र और कई अन्य विषयों में पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। यह विश्वविद्यालय छात्रों को उच्च शिक्षा और अनुसंधान के अवसर प्रदान करता है।

JNU एक प्रतिष्ठित और प्रभावशाली संस्थान इसीलिए है क्योंकि यह छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करता है। यह भारत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NACC) द्वारा जुलाई 2012 में किए गए एक सर्वे के अनुसार JNU को भारत का सबसे श्रेष्ठ विश्वविद्यालय माना है। NACC ने JNU को 4 में से 3.9 ग्रेड दिया है जो कि देश के किसी भी शैक्षणिक संस्थान को दिए गए ग्रेड में से सर्वाधिक अंक है। वर्ष 2017 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा इसे सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय का पुरस्कार दिया गया है। यूजीसी ने भी इस विश्वविद्यालय को ‘यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस’ का दर्ज दिया है। यूरोपीय आयोग ने भी JNU को जीन मोनेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर यूरोपियन यूनियन स्टडीज इन इंडिया (CEEUSI)से सम्मानित किया है जो कि किसी भी यूरोपीय अध्ययन कार्यक्रम हेतु सर्वोच्च अंतर्राष्ट्रीय सम्मान में से एक है।

इतिहास की बात करें तो 1969 में इंदिरा गांधी ने इस विश्वविद्यालय को अपने पिता जवाहरलाल नेहरू की याद में बनवाया था। जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे जिनके निधन के बाद इस विश्वविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा गया। इस विश्वविद्यालय ने कुछ ही वर्षों में अपने मेधावी छात्रों और आधुनिक सोच के कारण देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भी प्रतिष्ठा प्राप्त की। आज देश का हर मेधावी छात्र JNU में उच्छ शिक्षा प्राप्त करने का इच्छुक है।

इस विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य अध्ययन, अनुसंधान के साथ-साथ ज्ञान का प्रसार और अभिवृद्धि करना है। साथ ही राष्ट्रीय एकता, सामाजिक न्याय, लोकतान्त्रिक पद्धति, सामाजिक समस्याओं और धर्म निरपेक्षता के प्रति जागरूक और समझ को बढ़ावा देना है।

JNU में छात्रों को पढ़ाए जाने वाले कुछ विशेष कोर्स (UG/PG/Diploma):

  • Arts
  • Engineering
  • Medical
  • Science
  • Mass Communications
  • Information Technology
  • Law Courses
  • M.Phil. (International Legal Studies)2 वर्ष
  • Ph.D. (International Legal Studies)2 वर्ष
  • Ph.D. (Law & Governance)3 वर्ष
  • Acting, Dance and Drama
  • M.Phill. (Cinema Studies) 2 वर्ष
  • Ph.D. (Cinema Studies) 3 वर्ष

इसके अलावा JNU में अन्य सामान्य विषयों के कॉर्सेस भी पढ़ाए जाते हैं। JNU में हिंदी, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, चाइनीज, अरेबियन, रशियन, इंग्लिश इटालियन लेंग्वेज में पढ़ाई होती है। इसीलिए यहाँ अंतर्राष्ट्रीय छात्र-छात्राएं भी अध्ययन के लिए आते हैं।