टीसीएस मैनेजर मानव शर्मा आत्महत्या केस: पत्नी निकिता शर्मा पर केस दर्ज, घर से फरार

Fri 28-Feb-2025,06:25 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

टीसीएस मैनेजर मानव शर्मा आत्महत्या केस: पत्नी निकिता शर्मा पर केस दर्ज, घर से फरार
  • 24 फरवरी को सदर क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में मानव शर्मा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। 

  • मरने से पहले उन्होंने 6 मिनट 57 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी निकिता के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए थे। 

  • निकिता शर्मा ने अपने बचाव में एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि शादी से पहले उसका एक पास्ट था, लेकिन शादी के बाद उसका किसी से कोई संबंध नहीं था। 

  • केस दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह से ही निकिता और उसके परिवार के लोग घर से फरार हैं। घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। 

Uttar Pradesh / Agra :

आगरा: टीसीएस (टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज) के मैनेजर मानव शर्मा की आत्महत्या मामले में उनकी पत्नी निकिता शर्मा के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पति की मौत के बाद निकिता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया। फिलहाल निकिता अपने परिजनों के साथ घर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मानव शर्मा ने लगाए थे गंभीर आरोप

24 फरवरी को सदर क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में मानव शर्मा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उन्होंने 6 मिनट 57 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी निकिता के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में मानव ने समाज और सिस्टम से पुरुषों के लिए भी न्याय की मांग की थी।

मानव के पिता नरेश कुमार शर्मा, जो एयरफोर्स से रिटायर हैं, ने बहू और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।

निकिता का बचाव

निकिता शर्मा ने अपने बचाव में एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि शादी से पहले उसका एक पास्ट था, लेकिन शादी के बाद उसका किसी से कोई संबंध नहीं था। उसने बताया कि मानव को जब उसके अतीत के बारे में जानकारी मिली तो वे उसे बार-बार परेशान करने लगे।

निकिता ने आरोप लगाया कि मानव शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। उसने कई बार इस बारे में ससुराल पक्ष को जानकारी दी, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।

पुलिस जांच में जुटी

डीसीपी वेस्ट सोनम कुमार ने कहा कि अगर निकिता निर्दोष है तो उसे पुलिस के सामने आकर बयान देना चाहिए। सोशल मीडिया पर सफाई देने से कोई फायदा नहीं होगा। पुलिस ने निकिता और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।

फरार है पूरा परिवार

केस दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह से ही निकिता और उसके परिवार के लोग घर से फरार हैं। घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस लगातार उनकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।