माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ में आस्था की बाढ़

Wed 12-Feb-2025,03:42 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ में आस्था की बाढ़ माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ में आस्था की बाढ़
  • अब तक कुल 47.45 करोड़ श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं।

  • इस विशेष स्नान के साथ 10 लाख कल्पवासियों का एक महीने का संकल्प पूरा हो गया, और वे अपने घरों को लौटने लगे।

Uttar Pradesh / Prayagraj (Allahabad) :

महाकुंभ के पांचवें स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बुधवार सुबह 10 बजे तक 1.30 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा और संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके थे। अब तक कुल 47.45 करोड़ श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं। सुबह तड़के से ही महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे संगम की ओर बढ़ते दिखे। सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित 'वार रूम' से मेले की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ डीजीपी प्रशांत कुमार और गृह सचिव संजय प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद हैं। योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर माघी पूर्णिमा की बधाई देते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की। इस विशेष स्नान के साथ 10 लाख कल्पवासियों का एक महीने का संकल्प पूरा हो गया, और वे अपने घरों को लौटने लगे।

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के संस्थापक राजेंद्र मिश्रा के अनुसार, कल्पवासियों ने भूमि शयन, तीन बार स्नान, सात्विक भोजन और दान-पुण्य जैसे नियमों का पालन किया। स्नान के बाद वे मां गंगा का पूजन कर संकल्प से मुक्त हुए। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया गया है। प्रयागराज जाने वाले रास्तों पर भारी भीड़ के कारण शहर में वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। संगम तक पहुंचने के लिए लोगों को 8-10 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। प्रशासन ने पार्किंग से शटल बसें चलाई हैं। सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहली बार 15 जिलों के डीएम, 20 IAS और 85 PCS अधिकारियों को तैनात किया गया है। हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर 25 क्विंटल फूलों की वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रशासन के अनुसार, शाम तक 2.5 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर सकते हैं।